
प्राणियों के पूर्व के जन्मों में किये गए शुभा-शुभ कर्मों का ही प्रतिफल ही विषयोग है। ज्योतिष ग्रंथों के अनुसार किसी भी जातक की जन्मकुंडली में यदि शनि एवं चन्द्र एक साथ बैठे हों तो, विषयोग निर्मित होता है। विषयोग मानव को उसके पूर्व के जन्मों में नारी के प्रति किये गए क्रूर-कठोर एवं अशोभनीय आचरण की ओर संकेत करता है। इस योग का प्रभाव जातक के जीवन में शत-प्रतिशत घटित होता है इसीलिए इसे ज्योतिषशास्त्र के सर्वाधिक प्रभावशाली योगों में गिना जाता है।
विषयोग बनने पर आती हैं ऐसी मुसीबतें
जो जन्मकाल से आरंभ होकर मृत्यु पर्यंत अपने अशुभ प्रभाव देता रहता है। इस योग के समय जन्म लेने वाला जातक यदि कुत्ते को भी रोटी खिलाए तो देर-सवेर वह कुत्ता भी उसे काट खायेगा। कहने का तात्पर्य यह है कि इस योग वाली कुंडली का जातक अपने ही मित्रों सम्बन्धियों के द्वारा ठगा जाता है। ये जिस किसी भी व्यक्ति की मदद करते हैं उनसे अपयश मिलना तय रहता है। ज्योतिष के सर्वकालिक महानतम ग्रंथों नारद पुराण, जातक भरणम्, बृहद्जातक, फलदीपिका आदि में इस योग की अशुभता का वृहद वर्णन मिलता है।
कुंडली में शनि एवं चन्द्रमा की बलाबल स्थिति के अनुसार कुछ राहत की उम्मीद की जा सकती है। कुंडली में जिस भाव में भी विषयोग बनता है, प्राणी को उस भाव से ही सम्बंधित कष्ट मिलते हैं अथवा उस भाव से सम्बंधित कारकत्व पदार्थों का अभाव रहता है फलितवाचन के समय ऐसा पाया ही गया है। इसका सूक्ष्म विवेचन अष्टक वर्ग के ‘द्रेष्काण’ में गहनता से किया जाता है जो जातक द्वारा पूर्व के जन्मों में किसी स्त्री को दिये गये कष्ट की ओर संकेत करता है। पुनः वही स्त्री प्रतिशोध लेने के लिए मनुष्य योनि में विषयोग वाले प्राणी की माँ, पत्नी, पुत्री बहन आदि के रूप में आती है।
माँ की कुंडली में शुभत्व प्रबल होने पर वह पुत्र की गाढ़ी कमाई का धन स्वास्थ्य, विलासिता एवं अन्य संतानों पर व्यय कराती है और दुख, दारिद्र्य तथा धन नाश देते हुए दीर्घकाल तक जीवित रहती है। यहाँ तक कि मृत्यु के समय भी वह अन्य संतानों की देखभाल करने का वचन भी ले लेती है। पुत्र की जन्मकुंडली का शुभत्व प्रबल हो तो जन्म के बाद माँ की मृत्यु हो जाती है। तभी इस योग को ‘मातृहंता’ योग भी कहा जाता है अथवा नवजात की शीघ्र मृत्यु हो जाती है।
शनि के चंद्रमा से अधिक अंश या अगली राशि में होने पर जातक अपयश का भागी होता है। यही विषयोग यदि महिलाओं की जन्म कुंडली में हो तो उन्हें पुरुष पिता, भाई, पति, पुत्र आदि के रूप में आर्थिक मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते रहते हैं। इस योग से प्रभावित महिला भी अति संघर्ष का सामना करते हुए जीवन का निर्वहन करती है।
विषयोग का प्रभाव कम करने का उपाय
इस योग का प्रभाव कम करने के लिए नीलकंठ वाली शिव की प्रतिमा का पूजन करना चाहिए। सरल उपाय यह भी है अधिक से अधिक पीपल वृक्षों का आरोपण करना चाहिए। इन्हीं से इस योग के दुष्प्रभाव को कम किया जा सकता है।